नीमच। जिले के मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम कर्जाडा में दबंगों द्वारा एक अनुसूचित जाति की महिला की पट्टे की भूमि पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता, कमला बेवा गोविन्दराम भांबी ने अपनी भूमि बचाने और परिवार की सुरक्षा के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई है।
कमला का आरोप है कि ग्राम कर्जाडा के नाथु उर्फ फोरिया पिता भुरा चारण, उनके पुत्र लक्ष्मण, भंवरदान, कालूदान, और शंकरलाल पिता भुरा व किशन पिता शंकरलाल चारण ने उनकी खसरा नंबर 1061 बटा 2 स्थित पट्टे की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। दबंगों ने इस भूमि पर जबरन पत्थर डाल दिए हैं और जेसीबी व ट्रैक्टर का उपयोग कर खाई का निर्माण भी कर दिया है। कमला के अनुसार वर्ष 2011-12 में भी इन व्यक्तियों ने उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया था। उस समय न्यायालय प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वर्ग दो, मनासा ने 24 सितंबर 2011 को कमला के पक्ष में फैसला सुनाया था। हालांकि दबंगों ने न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए फिर से भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की है।कमला ने 5 जून 2025 को पुलिस चौकी कर्जाडा में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और 17 जून 2025 को मनासा जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था।लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें रोकने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी है।कमला ने आवेदन देकर प्रशासन से अपनी पट्टे की भूमि को दबंगों से मुक्त कराने और उनके व उनके परिवार की जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।