नीमच। दिनांक 24 जून 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच स्थित सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 80 आवेदकों की शिकायतों को दर्ज किया गया, जिनमें से अधिकांश को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तथा थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1 की 48 और लेवल-2 की 07, कुल 55 शिकायतों का संतोषजनक समाधान कर उन्हें बंद किया गया।
शिविर में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, एसडीओपी जावद निकिता सिंह, डीएसपी अजाक यशस्वी शिंदे, जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में फरियादी व आवेदक उपस्थित रहे। इस जनसुनवाई शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर त्वरित रूप से उपलब्ध कराना रहा, जिसमें पुलिस विभाग ने सक्रिय भूमिका निभाई।