डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा और भितरवार में शुरुआती बारिश के बाद खेतों में बुवाई के लिए खाद की मांग बढ़ गई है। लेकिन खाद की किल्लत के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद के लिए किसानों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं घर का कामकाज छोड़ महिलाएं भी लाइनों में खड़ी नजर आईं।
भितरवार में खाद गोदाम पर सुबह 4 बजे से ही महिलाएं और पुरुष खाद के लिए लाइनों में लगे नजर आए। वहीं डबरा में खाद न मिलने पर किसानों ने बीकेयू किसान संगठन के साथ मिलकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। लगातार फैल रही इस अव्यवस्था को लेकर अब कलेक्टर रुचिका चौहान ने गांव में स्थित समितियों के माध्यम खाद वितरण करने के निर्देश जारी किया है।
कलेक्टर का कहना है कि गोदाम पर किसानों की भीड़ लग रही है और अव्यवस्थाएं फैल रही हैं। अब किसानों को उनके ही गांव में स्थित सोसाइटी समिति से खाद वितरण किया जाएगा।