तराना। श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मंगलनाथ मंदिर से भव्य कावड़ एवं चुनरी यात्रा धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में तराना नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिला-पुरुष एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यात्रा का नगर सहित मार्ग में जगह-जगह नागरिकों एवं धर्मप्रेमियों द्वारा पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं जलपान की व्यवस्थाएं भी की गईं। कावड़ यात्रियों में बाबा महाकाल के जलाभिषेक को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
यात्रा उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल को पवित्र जल अर्पित कर जलाभिषेक करेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा रात्रि विश्राम किया जाएगा तथा सुंदरकांड का पाठ आयोजित होगा। सोमवार को श्रद्धालु मां शिप्रा को चुनरी अर्पित करेंगे। धार्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में तराना नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।