तराना। नाना महाराज गुरु मंदिर में नाना महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर प्रांगण में पार्थिव शिवलिंग अभिषेक एवं पूजन का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में नाना महाराज गुरु मंदिर परिवार सहित कॉलोनी की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
श्रावण मास के पावन अवसर पर नाना महाराज गुरु मंदिर में प्रतिदिन मार्तंडेश्वर महादेव का नित्य अभिषेक एवं पूजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में रविवार को पंडित पंकज दुबे के सानिध्य में विशेष पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं अभिषेक पूजन का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन एवं अभिषेक किया।
पूजन के पश्चात समिति द्वारा सभी महिलाओं के लिए बस की व्यवस्था की गई, जिसके माध्यम से उन्हें कोटेश्वर महादेव धाम ले जाया गया। यहां कालीसिंध मैया में विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने कोटेश्वर धाम मंदिर में दर्शन लाभ लेकर भगवान शिव से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर सहित कोटेश्वर धाम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं ने धार्मिक अनुष्ठान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान शिव की आराधना की।