उज्जैन। महाकाल मंदिर में इंदौर-1 के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष ने जबरन गर्भगृह में प्रवेश किया। इस दौरान मंदिर कर्मचारी आशीष दुबे ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन रुद्राक्ष ने उन्हें धमकाया। विधायक गोलू शुक्ला भी इस दौरान मौजूद थे। दोनों ने करीब 5 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
दरअसल, विधायक गोलू शुक्ला की कांवड़ यात्रा रविवार रात उज्जैन पहुंची थी। सोमवार तड़के करीब ढाई बजे भस्म आरती के पट खुलने के बाद गोलू शुक्ला अपने समर्थकों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। बेटा रुद्राक्ष भी साथ था।
विधायक समेत तीन लोग गर्भगृह में घुसे
ये लोग मंदिर के गलियारे में प्रवेश करने के बाद देहरी से दर्शन कर गर्भगृह की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान मंदिर के कर्मचारी आशीष दुबे ने जब रोका तो बहस करने लगे। इसके बाद विधायक सहित तीन लोग गर्भगृह में घुसकर दर्शन करने लगे।
मामले में विधायक गोलू शुक्ला का पक्ष जानने के लिए दैनिक भास्कर ने उनसे संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं रिसीव किया और न ही मैसेज का जवाब दिया।
डेढ़ किमी लंबी लाइन, 200 फीट दूर से दर्शन
महाकाल मंदिर में सावन के महीने में जहां आम श्रद्धालु करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन में लगने के बाद सिर्फ 200 फीट दूर से दर्शन कर पा रहे हैं, वहीं वीवीआईपी नियमों को ताक पर रखकर गर्भगृह में प्रवेश कर रहे हैं।
लगभग 1 मिनट लाइव प्रसारण बंद रहा
महाकाल मंदिर में लाइव दर्शन का इंतजाम भी है। श्रद्धालु कभी भी भगवान महाकाल के दर्शन ऑनलाइन कर सकते हैं। सावन के दूसरे सोमवार को भस्म आरती से ठीक पहले ऑनलाइन दर्शन की यूट्यूब लिंक में करीब 1 मिनट ब्लैंक है।
4 साल पहले भी नियम तोड़कर दर्शन किए थे
4 साल पहले भी ऐसा ही विवाद सामने आया था। गोलू शुक्ला के छोटे बेटे रुद्राक्ष ने महाकाल मंदिर के गर्भगृह में जाकर दर्शन किए। रुद्राक्ष ने यहां फोटो खिंचवाया और उसे फेसबुक पर अपलोड भी किया था। रुद्राक्ष अपने दोस्तों के साथ दर्शन करने पहुंचा था।