नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी समवेत रूप से आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों द्वारा विभिन्न प्रकार की समस्याओं और शिकायतों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक जायसवाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई शिविर में प्राप्त 15 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 51 शिकायतों का संतोषजनक समाधान कर उन्हें बंद किया गया।
पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने निर्देशित किया कि सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से निराकरण किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामलों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की बात कही।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा शाबेरा अंसारी, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, डीएसपी महिला सुरक्षा शाखा निकीता सिंह, जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारीगण, एवं बड़ी संख्या में फरियादी/आवेदक उपस्थित रहे।