छतरपुर। जिले के ग्राम निधौली एवं उर्दीपुर के ग्रामीणों ने खाद्यान्न वितरण में भारी अनियमितताओं को लेकर पंचायत सेल्समैन राजेंद्र रिछारिया को हटाने और बर्खास्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर छतरपुर को ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप 157 जिंदा लोगों को मृत दिखाकर उनके नाम खाद्यान्न पर्ची से हटाए गए। 20-25 लोगों का पूरा खाद्यान्न बिना वितरण के हटा दिया गया। नमक ₹5 में बेचा जा रहा है जबकि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य ₹1 है। दुकान महीने में सिर्फ एक दिन खुलती है, शेष समय ग्रामीणों को राशन नहीं दिया जाता। सेल्समैन पर ₹50,000 की रिश्वत देकर अधिकारियों को प्रभावित करने का भी आरोप है।
तीन महीने का खाद्यान्न खुद के घर में रखकर बाद में गुपचुप तरीके से नाम हटाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि वे एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, इंस्पेक्टर और समिति अध्यक्ष तक अपनी शिकायतें लेकर गए, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। अखिल राठौर एसडीएम ने कहा कि इसकी जांच कर कार्यवाही की जाएगी और सभी पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाएंगे।