खरगोन। जिले के विधानसभा क्षेत्र कसरावद मुख्यालय में बुधवार 30 जुलाई 2025 को भारत कृषक समाज ब्लॉक ईकाई कसरावद एवं ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा खाद की भारी किल्लत और समर्थन मूल्य पर मूँग खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर व्यापक पैदल मार्च एवं आंदोलन किया गया। अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ब्लॉक किसान कांग्रेस ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव के मार्गदर्शन में आज रैली और आंदोलन के माध्यम से किसानों ने जिला प्रशासन से नौ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
किसानों ने चेताया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। ज्ञापन की प्रमुख मांगों में डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की भारी कमी को तत्काल दूर किया जाए ताकि किसानों की फसलें प्रभावित न हों। सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद का भंडारण किया जाए एवं किसानों को लम्बी कतारों से निजात दिलाते हुए उनकी मांग के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाए। निजी विक्रेताओं द्वारा की जा रही कालाबाजारी पर सख्त कार्यवाही की जाए, जो खाद को ऊंचे दामों पर बेचकर किसानों का शोषण कर रहे हैं। फसल की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने से पहले समुचित मात्रा में खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। समर्थन मूल्य पर मूँग की खरीदी में हो रहे विलम्ब को रोका जाए और प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाया जाए। किसानों से मूँग खरीदी में किए जा रहे बहानों (जैसे नमी, रंग, दाग आदि) को बंद किया जाए और सभी किसानों की मूँग को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। मूँग की खरीदी के पश्चात भुगतान में हो रही देरी को समाप्त कर, तय समय-सीमा में किसानों के खातों में राशि अंतरित की जाए। खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त तोल, परिवहन एवं भण्डारण व्यवस्था की जाए ताकि किसी भी किसान को मूँग लेकर लौटना न पड़े।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस आंदोलन में सैकड़ों की संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने अपनी समस्याओं और पीड़ा को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के समक्ष रखा। किसान नेताओं ने बताया कि अगर खाद और मूँग खरीदी की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो यह आंदोलन जिले और प्रदेश स्तर पर विस्तारित किया जाएगा।