मनासा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आंतरी माताजी में संकुल स्तरीय बैठक का आयोजन संकुल प्राचार्य युवराज चंदेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस बैठक में संकुल की शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के प्रधानों के साथ विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्राचार्य चंदेल ने नामांकन, मेपिंग, अपार आईडी, समय पर उपस्थिति, प्रभावी शिक्षण, शिक्षक दैनिक डायरी, मध्यान्ह भोजन, विद्यालय भवन की व्यवस्थाएं, संकुल को सीएम हेल्पलाइन से रहित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य पर संभागीय प्रशिक्षण की जानकारी भी साझा की।
बैठक के दौरान, सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान वरिष्ठ शिक्षक बीआर राठौर एवं संकुल के पूर्व प्रभारी प्राचार्य एमएस चंद्रावत द्वारा प्रदान किया गया। यह पहल संकुल स्तर पर पहली बार की गई, जो शिक्षकों और विद्यालयों के उत्साहवर्धन की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
पुरस्कृत संस्थाओं में शासकीय प्राथमिक विद्यालय रायसिंगपुरा, शासकीय प्राथमिक विद्यालय चपलाना, अशासकीय सरस्वती शिशु मंदिर आंतरी माता तथा शाइनिंग करियर इंग्लिश स्कूल आंतरी माता शामिल हैं। इस अवसर पर संकुल केंद्र के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।