नीमच। शहर में मध्य प्रदेश की बीआर एजुकेशन सोशल फाउंडेशन ने नन्हे बच्चों की मुस्कुराहट अभियान सीजन 6 के तहत रेडक्रॉस सोसाइटी आश्रय गृह में जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और अल्पाहार वितरित किया। संस्था ने गरीबी के कारण शिक्षा से वंचित बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है, और अब तक 570 बच्चों की मदद कर चुकी है। पाठ्य सामग्री का वितरण नायब तहसीलदार कचरूलाल मालवीय की माताजी की स्मृति में किया गया। संस्था ने मेरा पौधा-मेरी कक्षा अभियान सीजन 6 के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए आम लोगों में 51 फलदार और फूलदार पौधे मुफ्त बांटे और उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। बीआर फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण के क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत है। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक कृष्ण परिहार, उपाध्यक्ष नरेंद्र मालवीय सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।