मुरैना। जिले में चंबल नदी के उफान के चलते दिमनी तहसील के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। हालात का जायजा लेने बुधवार को मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना एवं अंबाह एसडीएम रामनिवास सिरकवार ने दिमनी के कुथियाना क्षेत्र अंतर्गत बीलपुर, घेर, नीबरीपुरा और मल्हन का पुरा जैसे बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और आवश्यकताओं को साझा किया। इस पर कलेक्टर अस्थाना ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए शासन द्वारा दिए गए पट्टों का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डूब क्षेत्र से लोगों का सुरक्षित स्थानों पर शीघ्र रेस्क्यू किया जाए, साथ ही भोजन, चिकित्सा और अस्थाई आवास की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर ने अब तक हुए नुकसान का ब्यौरा लिया और पूछा कि कितने लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर के साथ प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम सिरकवार के अलावा भाजपा कार्यकर्ता हनुमंत सिंह तोमर (थोगापुरा), जितेन्द्र सिंह तोमर, शत्रुघ्न सिंह तोमर एवं मीडिया प्रभारी अपनेश तोमर भी उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से जल्द ही क्षेत्र में राहत शिविरों की संख्या बढ़ाने और आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता मिल सके।