उमरिया। कलेक्ट्रेट परिसर में लगातार गंदगी की शिकायतों पर सोमवार को एसडीएम कमलेश नीरज अचानक निरीक्षण पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने परिसर के कोने-कोने का जायजा लिया और देखा कि कई स्थानों पर गुटखा थूकने से बदबू और गंदगी फैली है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जिला परियोजना समन्वयक (सर्व शिक्षा अभियान), शहरी विकास, सहकारिता, भू-अभिलेख, महिला एवं बाल विकास कार्यालयों का दौरा किया। साथ ही कंट्रोल रूम और लोक सेवा केंद्र जैसे कई अन्य दफ्तरों की भी स्थिति देखी।
एसडीएम ने सभी कार्यालय प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परिसर में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अब कलेक्ट्रेट में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी और जो भी व्यक्ति गंदगी फैलाते हुए पकड़ा जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमलेश नीरज ने कहा कि कलेक्ट्रेट जिले का मुख्य प्रशासनिक परिसर है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग अपने काम से आते हैं। ऐसे में वहां की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने गुटखा खाकर थूकने वालों को विशेष रूप से चेतावनी दी।
कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों ने भी कई बार इस गंदगी की शिकायत की थी, लेकिन अब प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने मौके पर ही सफाईकर्मियों को बुलाकर तुरंत साफ-सफाई के निर्देश दिए।