कटनी। जिले की रीठी तहसील के ग्राम चिरूहला में वन विभाग की कार्रवाई से किसानों में आक्रोश फैल गया है। किसानों का आरोप है कि वन विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के बारिश के मौसम में उनके खेतों में लगी फसल पर जेसीबी चलवा दी।
विभाग ने भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया जिससे लगभग 20 एकड़ की फसल बर्बाद हो गई है। इस फसल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। प्रभावित किसान अब कीचड़ भरे खेतों में उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण इस विरोध में शामिल हुए हैं। किसानों का कहना है कि बीते दिन से वे बारिश में भीगते हुए खेतों में डटे हुए हैं। लेकिन अब तक न तो प्रशासनिक अमला पहुंचा है और न ही कोई समाधान मिला है।
कार्रवाई के दौरान वन अमला और किसानों के बीच हुई झड़प का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वन अमला किसानों और महिलाओं को खेतों से दूर करते और उनसे बहस करते दिखाई दे रहे हैं।
इस मामले में वन विभाग के डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल केवल नोटिस देकर स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
डीएफओ ने आगे बताया कि इसके बाद एक सूची तैयार कर कलेक्टर के निर्देश में जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में किसी की जमीन नहीं ली जाएगी और पहले उचित जांच की जाएगी।