धार। जिले के सरदारपुर में महिला बाल विकास परियोजना क्रमांक एक और दो के कार्यालय जीर्णशीर्ण अवस्था में पहुंच गए हैं। इन भवनों की छतों से सरिए बाहर निकल रहे हैं। बारिश के दौरान छत के कई हिस्सों से पानी रिसता है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिस्थितियों के कारण क्रमांक दो के कार्यालय को रेशम केंद्र के पुराने भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इन भवनों की उचित मरम्मत करा दी जाए, तो ये फिर से उपयोग योग्य हो जाएंगे।
मरम्मत से शासन को नए भवन निर्माण में लगने वाले लाखों रुपए की बचत भी होगी। सरदारपुर तहसील मुख्यालय पर कई अन्य विभागों के कार्यालय भी बहुत पुराने हैं। इनकी गुणवत्तापूर्ण मरम्मत होने से ये भी बेहतर स्थिति में आ सकते हैं।
महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी कलमसिंह निंगवाल ने बताया -कार्यालय बहुत पुराना है। मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा है, लेकिन अभी तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। राशि मिलते ही गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य करवा दिया जाएगा।