बैतूल। जिले के झल्लार थाना क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य ग्राम जमन्या (गंगाजी ढाणा) में गुरुवार सुबह एक महिला कृषि कार्य के दौरान बिजली के तार से करंट की चपेट में आ गई। धाड़से निवासी इमला नामक महिला खेत में काम कर रही थी, जब वह नीचे लटक रही एलटी लाइन के संपर्क में आ गई। हादसे में महिला के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए झल्लार स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजन बोले- बिजली कंपनी की लापरवाही से हादसा
परिजनों का आरोप है कि यह हादसा बिजली कंपनी की लापरवाही से हुआ है। उन्होंने बताया कि बिजली के तार जमीन से बहुत कम ऊंचाई पर थे, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।