बुरहानपुर। जिले में एक बार फिर से खाद की कमी से किसान परेशान हैं। गुरुवार सुबह 6 बजे से करीब 20 से अधिक गांवों के किसान रेणुका माता स्थित कृषि उपज मंडी के मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ के भंडारण केंद्र पहुंचे।
वे यूरिया, पोटाश और डीएपी खरीदने आए थे, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिली। केंद्र के कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें नहीं पता खाद कब आएगी।
किसानों को बताया गया कि केंद्र पर सिर्फ फास्फेट उपलब्ध है। इस स्थिति पर किसानों ने आक्रोश जताया। असीरगढ़, बोरगांव, गुलई सहित अन्य गांवों से 50 से अधिक किसान आए थे। कई किसान खाद न मिलने पर वापस लौट गए। किसानों का कहना है कि फसल बड़ी हो गई है और खाद की आवश्यकता है, लेकिन समय पर खाद नहीं मिल रही है।
इस मामले में उप संचालक कृषि (डीडीए) एमएस देवके ने बताया कि पहले दो खाद की रैक आई थी, जो अब खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि तीसरी रैक 3 अगस्त को आएगी। जिले में हाल ही में दो बार खाद की रैक आई थी, लेकिन अफसरों के अनुसार वह माल पूरी तरह से वितरित किया जा चुका है।