नीमच। नगर पालिका नीमच द्वारा 30 जुलाई 2025 को आयोजित सम्मेलन में पत्रकारों के साथ हुए अनुचित व्यवहार को लेकर जिला युवा प्रेस क्लब ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। क्लब द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि सम्मेलन कक्ष में पत्रकारों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे उन्हें खड़े होकर कवरेज करना पड़ा।
इसके अलावा, नगरपालिका के एक अधिकारी कन्हैया लाल शर्मा द्वारा पत्रकारों को बाहर निकलने को कहा गया, जिसे सम्मानजनक व्यवहार नहीं माना जा सकता। पत्रकारों ने इस घटना का विरोध करते हुए चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न हुई, तो वे नगर पालिका के सभी आयोजनों का बहिष्कार करेंगे। युवा प्रेस क्लब ने साफ तौर पर मांग की है कि आगामी आयोजनों में पत्रकारों के सम्मान का ध्यान रखा जाए और उनके लिए बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।