नीमच। राजमाता विजयराजे सिंधिया जिला चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर से शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान (शिवाजी) द्वारा जिले को दो निशुल्क शव वाहन समर्पित किए गए।
इस अवसर पर चौहान ने कहा कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है, जो पीड़ित मानवता के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इसी कड़ी में आज जिले को यह नई सौगात प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार में असमय मृत्यु होती है और शव को घर ले जाने के लिए वाहन की सुविधा नहीं होती, तब परिजन को गंभीर संकट का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा निशुल्क शव वाहन की व्यवस्था की गई है, जो संकट की घड़ी में राहत और संबल प्रदान करेगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योंत, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र पाटील, 108 सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण पांचाल की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर दोनों शव वाहन जिले को समर्पित किए गए।