नीमच। महानिरीक्षक एवं प्राचार्य, केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) नीमच संदीप दत्ता के निर्देशानुसार दिनांक 4 अगस्त से 6 अगस्त 2025 तक सीटीसी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, नीमच में समग्र कल्याण एवं एकीकृत अमृता मेडिटेशन (आईएएम) तकनीक पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य बल के अधिकारियों एवं जवानों के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन को बेहतर बनाना रहा। ध्यान एक ऐसा मानसिक अभ्यास है जो मन को स्थिर कर, आंतरिक शांति एवं ऊर्जा को जाग्रत करता है।
प्रशिक्षण सत्र में केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय के कमान्डेंट एवं मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता (पीएमजी), उप कमान्डेंट आशीष भटनागर, सहायक कमान्डेंट राजेश पंचाल, विशाल कुमार चौहान, मनोज कुमार, तथा रेंज कार्यालय, समूह केंद्र एवं संयुक्त अस्पताल में पदस्थ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कमान्डेंट जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा आज की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली विशेषकर सुरक्षाबलों के जवानों के लिए मानसिक शांति बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। ध्यान एक आंतरिक विज्ञान है, जो न केवल विचारों को नियंत्रित करता है, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता, सहनशीलता एवं एकाग्रता को भी बढ़ाता है। कुछ ही मिनटों के अभ्यास से मन हल्का एवं शांत हो सकता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से अपील की कि ध्यान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे नित्य जीवन का हिस्सा बनाएं ताकि यह उनके मानसिक, शारीरिक और आत्मिक स्वास्थ्य में अमूल्य योगदान दे सके।