शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने बलात्कार के मामले में 3 साल से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी भूपेन्द्र सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी मुल्ला, थाना मोहन बड़ोदिया के एक गंभीर अपराध में न्यायालय से जारी स्थायी वारंट का वांछित था।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में, एएसपी घनश्याम मालवीय और एसडीओपी गोपाल सिंह चौहान के मार्गदर्शन में स्थायी वारंटियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेम किशोर व्यास के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी गांव की पुलिया पर मौजूद है। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके से ही पकड़ लिया गया।
पूर्व में भी पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार उसके घर व रिश्तेदारों के यहां दबिश दी गई थी, लेकिन वह हर बार फरार हो जाता था। इस कार्रवाई में उनि कैलाश नारायण यादव, प्रआर. जगदीश दांगी, आर. अर्जुन बागड़ी, रामेश्वर दांगी, शिवचरण दांगी, जीवन सिंह और नितेश जायसवाल की अहम भूमिका रही।