नीमच। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आज एक अहम पहल देखने को मिली। जब यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में आरपीएफ टीआई, रेलवे स्टेशन प्रबंधक और ऑटो यूनियन अध्यक्ष सहित सभी संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशन की अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और यात्रियों की आवाजाही को सहज बनाना था। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों को समझाइश दी गई तथा पार्किंग को चिन्हित स्थानों तक सीमित करने का निर्देश दिया गया। यातायात पुलिस द्वारा ‘राहावीर योजना’ की जानकारी भी वाहन चालकों को दी गई, जिसमें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और दुर्घटनाओं में सहायता के महत्व को बताया गया। वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की गंभीरता से पालना करने की सख्त हिदायत दी गई, साथ ही सहयोगात्मक व्यवहार के लिए प्रेरित किया गया। उद्देश्य था कि रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक अनुशासन बेहद जरूरी है। आज की इस संयुक्त कार्रवाई का मकसद केवल व्यवस्था बनाना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।