शाजापुर। शुजालपुर मण्डी निवासी चंचल जादौन पिता स्व. सेनपाल सिंह जादौन द्वारा विगत दिनों सायबर हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत क्रमांक 32107250022664 के तहत यह आरोप लगाया गया था कि देवांशी इंटरप्राइजेस, अहमदाबाद गुजरात एवं श्रीजी बायोफ्यूल शुजालपुर के बीच डीजल टैंकर के संदर्भ में ₹20,10,000/- (बीस लाख दस हजार रुपये मात्र) की लेनदेन में अनियमितता सामने आई थी, जिससे शिकायतकर्ता को धोखाधड़ी की आशंका हुई।
सायबर टीम द्वारा तत्परता से मामले की जांच प्रारंभ की गई एवं संबंधित बैंक खातों पर सुरक्षा की दृष्टि से त्वरित रूप से अस्थायी होल्ड लगाया गया। इसके उपरांत देवांशी इंटरप्राइजेज के द्वारा आवेदक से संपर्क कर संतुष्टि पूर्वक समाधान किया गया।
अब शिकायतकर्ता चंचल जादौन द्वारा सूचित किया गया है कि लेनदेन का समाधान आपसी सहमति से हो चुका है एवं उन्हें किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं है। अतः उन्होंने अपनी शिकायत को औपचारिक रूप से वापस ले लिया है तथा संबंधित खातों पर लगे होल्ड को हटाने का अनुरोध किया है। उक्त कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी, आरक्षक अनिल सक्सेना, घनश्याम राजपूत एवं राजस्थान की विशेष भूमिका रही।
जिला पुलिस एवं सायबर सेल आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करें। पुलिस आपकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हेतु प्रतिबद्ध है।