छतरपुर। सागर रोड स्थित मां नर्मदा मंदिर परिसर में बुधवार को विधि-विधान-पूर्वक भगवान श्री गणेश की स्थापना की गई। इस अवसर पर सात वैदिक पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन किया गया गणेश स्थापना के साथ ही नवग्रह की भी स्थापना की गई। मंदिर परिसर एवं पंडाल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। गणेश स्थापना की मुख्य यजमान मां नर्मदा देवी स्वयं रहीं। समिति द्वारा पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई थी। प्रतिदिन सुबह-शाम गणपति बप्पा की आरती के साथ विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। प्रतिदिन शाम महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल होकर आरती में भाग लेंगे और पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। स्थापना उपरांत दोपहर में प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और गणपति बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। जटाशंकर तीर्थ यात्रा संघ के संचालक बल्देव प्रसाद मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मां राज राजेश्वरी नमामि देवी नर्मदे मंदिर में भगवान श्री गणेश की स्थापना विधि विधान से की गई, पंडित भरत कृष्ण शास्त्री ने बताया कि पूरे दस दिनों तक मां नर्मदा मंदिर ढड़ारी में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया है वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के आयोजक पंडित गिरीश कुमार तिवारी ने समस्त धर्म प्रेमियों से गणेश चतुर्थी पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की अपील की है।