नीमच। नीमच से करीब 10 किलोमीटर दूर भाटखेड़ा फंटे के समीप गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीरन की ओर से आ रही महिला ने एक बाइक सवार युवक से लिफ्ट ली थी। भाटखेड़ा फंटे के समीप बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक और महिला सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक अचानक हुई घटना के कारण बाइक से जा टकराया और महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बाइक चालक युवक मौके से चला गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं, ट्रक चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है।
टोल की एंबुलेंस की मदद से महिला के शव को नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ ही हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।