नीमच। नीमच-मंदसौर जिले में कथित लव जिहाद, धोखाधड़ी से विवाह, एमडी ड्रग्स के सेवन एवं सप्लाई तथा धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नीमच में प्रदर्शन कर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
हनुमान चालीसा का किया पाठ-
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद बजरंग दल की ओर से थाना प्रभारी सौरभ शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
महिलाओं की सुरक्षा और कानूनी सहायता की मांग-
ज्ञापन में महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा, पहचान छिपाकर संबंध बनाने अथवा विवाह करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच, पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के मामलों में कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग-
कार्यकर्ताओं ने कहा कि संवेदनशील मामलों में पुलिस-प्रशासन को निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और कानून-व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कायम रहे। ज्ञापन में युवाओं एवं महिलाओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने तथा अवैध नशाखोरी एवं मादक पदार्थों की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।