खरगोन। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बुधवार सुबह खरगोन के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी कड़ी में, खरगोन कुंदा तट स्थित गणेश मंदिर में श्रद्धालु विशेष दृश्य के साक्षी बने। यहां सिद्धिविनायक गणेशजी को एक महिला श्रद्धालु ने दो फीट लंबा मुकुट पहनाया। यह मुकुट किसी और ने नहीं बल्कि विराज सोनी ने अर्पित किया है। बताया जा रहा है कि वे पिछले सात वर्षों से गणेशजी के लिए मुकुट तैयार करती आ रही हैं। परंपरा के अनुसार, हर साल गणेश चतुर्थी पर यह मुकुट बप्पा को पहनाया जाता है।
श्रीमती सोनी ने बताया कि इस बार उन्होंने आर्टिफिशियल सामग्री से मुकुट तैयार किया है, जिसे बनाने में करीब 15 दिन लगे। खास बात यह है कि यह मुकुट भगवान गणेशजी के सिर पर पूरे वर्ष सुशोभित रहेगा।
भक्तों का मानना है कि इस परंपरा से समाज को न सिर्फ आस्था, बल्कि समर्पण और प्रेरणा भी मिलती है। इसी के साथ ही दस दिवसीय चलने वाले श्री गणेशोत्सव के पहले दिन शहर सहित जिले भर में गणपति बप्पा मोरया के नारों के साथ ही घट स्थापना भी की गई।