इंदौर। कांग्रेस के नए शहर और जिला अध्यक्ष 4 सितंबर को अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनकी एक माह के अंदर शहर कांग्रेस कमेटी गठन करने की समय सीमा भी शुरू हो जाएगी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में ही बैठक में नए अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वह 1 महीने में अपनी टीम का गठन कर लें। 50 से भी कम पदाधिकारियों की छोटी टीम बनाई जाएगी।
नव नियुक्त कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि 4 सिंतबर को पदभार ग्रहण करने के बाद कमेटी गठन की तैयारी शुरू करेंगे। पहले बूथ, वार्ड और ब्लॉक का गठन किया जाएगा। इसके बाद शहर कार्यकारिणी तैयार करेंगे। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर शहर के नए अध्यक्ष चिंटू चौकसे 50 लोगों की छोटी कार्यकारिणी बनाएंगे। कार्यकारिणी का स्वरूप क्या रहेगा यह एआईसीसी तय करेगी। इससे पहले कृपा शंकर शुक्ला के समय 51 लोगों की कार्यकारिणी बनी थी।
50 से बड़ी टीम नहीं बनाएंगे चिंटू
कांग्रेस की तैयार हो रही कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य रहेंगे साथ ही प्रवक्ता भी बनाए जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि कमेटी छोटी रहेगी इसलिए इस बार सह-सचिव नहीं बनाएं जाएंगे। एआईसीसी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर के लिए जो कार्यकारिणी तैयार की जाएगी उसमें 6 उपाध्यक्ष, 1 कोषाध्यक्ष, 1 संगठन मंत्री, 6 महासचिव, 7 सचिव के साथ कार्यकारिणी सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य का फॉर्मेट रहेगा।