सतना। चित्रकूट में बुधवार को सांसद गणेश सिंह और विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने साधु-संतों से मुलाकात की। बैठक मंदाकिनी रिसॉर्ट में हुई, जिसमें धार्मिक नगरी के विकास कार्यों पर बातचीत हुई। कुछ दिनों से साधु-संत विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराज थे।
मंदाकिनी में गंदा पानी मिलने से रोकने की मांग
बैठक में संतों ने कई सुझाव दिए। उन्होंने मां मंदाकिनी नदी में गिर रहे गंदे पानी को रोकने की मांग की। साथ ही सीवर लाइन का काम दीपावली मेले से पहले पूरा करने और अधूरी नालियों को ठीक करने की बात कही। संतों ने मल्टीलेवल पार्किंग, नए घाट, सुलभ शौचालय और अच्छी सड़कों की भी मांग रखी।
पार्किंग व्यवस्था सुधारने की भी मांग
इसके अलावा, जंगलों में रहने वाले साधु-संतों को सुरक्षा देने और सरकारी योजनाओं में संतों को भागीदार बनाने का सुझाव दिया गया। अमावस्या और दीपावली मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई।
सांसद गणेश सिंह ने सभी सुझावों का स्वागत किया और उन पर काम करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चित्रकूट विकास प्राधिकरण बनाया है और भगवान राम लोक का निर्माण भी कराया जा रहा है। बैठक में कई साधु-संतों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य लोग मौजूद रहे।