सिंगोली। कस्बे में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे महाराणा प्रताप की विशाल अश्वारूढ़ प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में राजपूत समाज सहित सर्व समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे जुलूस के साथ बजरंग व्यायाम शाला से शुरू हुआ। इससे पूर्व जयपुर से यहां पहुंची महाराणा प्रताप की प्रतिमा का जोरदार स्वागत किया गया तत्पश्चात उसे जुलूस के साथ पुराना बस स्टेंड स्थित स्थापना स्थल तक लाया गया।, जहां करीब 1 बजे पंडित कैलाश चंद्र शर्मा ने पूर्ण विधि विधान के साथ प्रतिमा को स्थापित किया।
कार्यक्रम में राजपूत समाज के साथ ही गाड़ी लुहार समाज के महिला पुरुष भी पूरे उत्साह के साथ अपने वीर शिरोमणि शौर्य नायक के प्रति आस्था व्यक्त करते नजर आए। मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा सहित राजपूत समाज की नामी हस्तियां उपस्थित रही।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विधायक निधि और महाराणा प्रताप स्टेच्यू फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित 31 क्विंटल वजनी प्रतिमा, जो एल्यूमिनियम मिश्रित धातु से बनी है तथा इसकी लंबाई 13 फिट और ऊंचाई 11 फिट है। बताया जाता है कि फिलहाल प्रतिमा का अनावरण नहीं किया गया है, इसके अलग से भव्य राजनैतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।