नीमच। आपदा प्रबंधन संस्थान गृह विभाग भोपाल द्वारा जिला प्रशासन नीमच एवं आपदा प्रबंधन नेटवर्क भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में तहसील कार्यालय सभाकक्ष में तीन दिवसीय भूकंप रोधी निर्माण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने की।
दूसरे दिन की कार्यशाला में संस्थान के तकनीकी विशेषज्ञ अभिषेक मिश्रा एवं तुषार गोलाईत ने जिले के सभी निर्माण विभागों के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों को भूकंप रोधी भवन निर्माण की तकनीक पर विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि आपदा की स्थिति में न्यूनतम नुकसान के लिए भवनों को भूकंप रोधी बनाना आवश्यक है। पुराने भवनों को रेट्रोफिटिंग द्वारा सुरक्षित किया जा सकता है। साथ ही समाज को जागरूक कर आपदा के समय जान-माल की हानि कम की जा सकती है। कार्यशाला में प्रतिभागियों के प्रश्नों व जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान होमगार्ड कमांडेंट, लोक निर्माण, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व इंजीनियर उपस्थित रहे।