सरवानिया महाराज। सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को “उमंग है तो जिंदगी में रंग है” थीम पर उमंग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित दस जीवन कौशलों से परिचित कराना तथा जीवन की चुनौतियों का सामना सकारात्मक दृष्टिकोण से करने की प्रेरणा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवानिया के मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप शर्मा और एचआईवी-एड्स मामलों के जानकार दिनेश राठौर ने विद्यालय में उमंग कॉर्नर का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दीं और बताया कि किस प्रकार विभिन्न जीवन कौशलों से उत्साह और आत्मविश्वास का संचार कर व्यक्तित्व को निखारा जा सकता है। श्री राठौर ने एचआईवी-एड्स जैसी गंभीर बीमारी के लक्षणों, उससे होने वाले नुकसान और बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉ. शर्मा ने कहा कि “उत्तम स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है, इसके लिए सतर्कता और सावधानी आवश्यक है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।”
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती स्मिता नागदा ने कहा कि मौसम में बदलाव के साथ स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियाँ बढ़ रही हैं। ऐसे में स्वच्छता, शुद्ध खानपान और जागरूकता ही अच्छे स्वास्थ्य और व्यक्तित्व की कुंजी है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक वीरेन्द्र कुमार गुर्जर ने किया।