नीमच। म.प्र. शासन द्वारा किसानों को सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम पर विक्रय होने की स्थिति में राहत देने के लिए भावांतर भुगतान योजना के तहत खरीफ मौसम 2025 के लिए 3 से 17 अक्टूबर तक किसानों का पंजीयन कराया जा रहा है। वहीं, 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक कृषि उपज मंडी में सोयाबीन की खरीदी की जाएगी।
इसी के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के उद्देश्य से जिला मुख्यालय नीमच में शनिवार को ट्रैक्टर एवं वाहन रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व विधायक दिलीप सिंह परिहार और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने किया।
रैली का शुभारंभ शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 नीमच के मैदान से हुआ, जो कमल चौक, फोर जीरो, विजय टॉकीज चौराहा, अल्कोलाइड फैक्ट्री, चौकन्ना बालाजी होते हुए कृषि उपज मंडी में संपन्न हुई।
इस अवसर पर विधायक परिहार ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 3 अक्टूबर को किसानों को फसल नुकसान की राहत राशि सिंगल क्लिक से वितरित की गई। साथ ही किसानों से अपील की कि वे भावांतर योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कर लाभ लें।
रैली में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, एसडीएम संजीव साहू, राजस्व, कृषि, मंडी समिति के अधिकारी-कर्मचारी, किसान संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।