नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में आज बुधवार को मुंगफली के भाव को लेकर किसान और व्यापारी के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मंडी प्रशासन ने पहुंचकर मामले को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मंदसौर जिले के सुवासरा से आए किसान गुड्डू भाई अपनी उपज मुंगफली लेकर नीमच मंडी पहुंचे थे। किसान ने बताया कि शुरू में 4650 रुपये प्रति क्विंटल भाव तय हुआ था, लेकिन बाद में व्यापारी ने 4450 रुपये का बिल बनाकर सौदा किया। कुछ देर बाद व्यापारी द्वारा 4200 रुपये का भाव लिखे जाने और पर्ची में कम रेट दर्ज करने से किसान नाराज़ हो गए।

किसान ने विरोध जताते हुए मंडी गेट बंद कर प्रदर्शन किया। इसके बाद समझाइश के दौरान पुनः 4600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय हुआ और मामला सुलझ गया।

मंडी निरीक्षक समीरदास ने बताया कि भाव को लेकर किसान और व्यापारी के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। प्रदर्शन के कारण करीब 10 मिनट तक नीलामी कार्य प्रभावित रहा, जिसके बाद नीलामी पुनः प्रारंभ की गई।

गौरतलब है कि नीमच मंडी प्रदेश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में से एक है, जहां प्रतिदिन करीब 75 से अधिक जिंसों की नीलामी होती है। इसी वजह से दूरदराज़ के किसान अपनी उपज बेचने यहां पहुंचते हैं।
