नीमच। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुधवार को नीमच जिले के 156 तीर्थयात्रियों का दल हरिद्वार एवं ऋषिकेश की निःशुल्क तीर्थयात्रा के लिए विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। नीमच रेलवे स्टेशन पर विधायक दिलीपसिंह परिहार एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक परिहार ने तीर्थयात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के बुजुर्ग नागरिकों को प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों के निःशुल्क दर्शन का अवसर मिल रहा है। वर्ष 2012 में शुरू हुई यह योजना वर्तमान में भी निरंतर संचालित है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार एवं ऋषिकेश की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद और धार्मिक आस्था का अवसर है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से सेवा, सद्भावना एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने भी यात्रियों को सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों को अनुरक्षक के रूप में विशेष ट्रेन के साथ भेजा गया है।
नीमच से रवाना हुआ तीर्थयात्रियों का दल 19 सितंबर 2026 को तीर्थयात्रा पूर्ण कर वापस नीमच लौटेगा। यात्रा पर रवाना हुए तीर्थयात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर वंदना खंडेलवाल, किरण शर्मा, हेमलता धाकड़, निलेश पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थयात्री एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।