कुकड़ेश्वर। ग्राम पंचायत जनौद में बुधवार को विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं दिव्यांगजनों के 6 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अनिरुद्ध माधव मारू रहे।
समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांगजनों को प्रशंसा पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर मारू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ग्राम विकास और सामाजिक समावेशन को नई दिशा मिल रही है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर समाज के कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल हैं।
ग्राम पंचायत सरपंच दिलखुश माणक अहिरवार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाना है। पंचायत लगातार आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।