नीमच। घुमंतू समुदाय के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से नीमच पुलिस विभाग ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। इसके तहत 128 बालक-बालिकाओं को निरूशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे पुलिस, सीआरपीएफ, रेलवे और अन्य शासकीय विभागों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में किया गया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, एडीएम बी.एल. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू और आर.आई. विक्रम सिंह भदौरिया सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस विभाग की इस जनसेवी पहल की सराहना की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उन बच्चों के लिए आशा की किरण है जो सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहते हैं। प्रशिक्षण के दौरान लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ शारीरिक दक्षता अभ्यास भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। कुल 128 बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है, जिनका प्रशिक्षण रविवार से शुरू होगा। पुलिस विभाग की यह पहल न केवल घुमंतू समुदाय के बच्चों को रोजगार के अवसर दिलाने में मदद करेगी, बल्कि उन्हें शिक्षा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ाएगी।