पिपलियामंडी। दीपावली पर्व नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों की बिक्री में तेजी आ गई है। इसी बीच मावे में मिलावट की सूचना मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया। इस पर दलोदा नायब तहसीलदार और खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नगर में अचानक निरीक्षण कर मिठाई और मावे के सैंपल लिए।
जिला मुख्यालय से पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्यामसिंह रावत और धीरेन्द्र सिंह जादौन, साथ ही दलोदा नायब तहसीलदार रवि पटेल तथा राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। टीम ने पिपलियामंडी नगर की विभिन्न मिठाई दुकानों और कच्ची घाणी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मावे की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए मौके से सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि मिलावट या अशुद्ध सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दीपावली पर्व को देखते हुए आगामी दिनों में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभाग की जांच अभियान जारी रहेगा।