नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और आयुक्त खाद्य सुरक्षा के मार्गदर्शन में दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान जारी है।
शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन नीमच की टीम ने शिकायतों के आधार पर ग्राम बिसलवास खुर्द स्थित गणेश दूध डेयरी का आकस्मिक निरीक्षण किया और विक्रय हेतु भंडारित क्रीम एवं मिश्रित दूध के नमूने लिए। वहीं, नीमच स्थित नाकोडा एजेंसी से रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी और यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।