कुकड़ेश्वर। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं परियोजना अधिकारी पराग जैन के मार्गदर्शन में जिलेभर में “10 दिन स्वच्छता की दिवाली - विशेष स्वच्छता अभियान” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कुकड़ेश्वर नगर में नायब तहसीलदार नवीन छलोत्रे, थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमल सिंह परमार ने नगर के अस्थायी बाजार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने, दुकानों के सामने डस्टबिन रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार ही त्योहार की रौनक को बढ़ाता है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी परमार ने बताया कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरपालिका दल नियमित रूप से सफाई अभियान चला रहा है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।