नीमच। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें नीमच के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही पाटीदार न केवल नीमच जिले बल्कि प्रदेश स्तर पर भी एक प्रमुख राजनीतिक चेहरे के रूप में उभरे हैं।
जिले के लिए गौरव का विषय-
पवन पाटीदार की यह पदोन्नति जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले क्षेत्र के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीनारायण पांडे और बंशीलाल गुर्जर जैसे नेताओं ने भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई थीं। अब पवन पाटीदार को मिली यह जिम्मेदारी भाजपा संगठन की ओर से नीमच जिले को मिली बड़ी पहचान मानी जा रही है।
जिला से प्रदेश स्तर तक का सफर-
पवन पाटीदार के भाजपा जिलाध्यक्ष कार्यकाल के दौरान संगठन ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की थी। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा को बड़ी जीत मिली, वहीं लोकसभा चुनाव, जनपद पंचायत, जिला पंचायत और ग्राम पंचायत चुनावों में भी पार्टी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन चुनावी सफलताओं में पाटीदार की रणनीतिक भूमिका और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश नेतृत्व का विश्वास-
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा दीपावली के तीसरे दिन घोषित की गई नई कार्यकारिणी में चार प्रमुख प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की गई, जिनमें से एक नाम पवन पाटीदार का भी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि प्रदेश के पिछड़ा वर्ग मतदाताओं में भाजपा की पकड़ और मजबूत की जा सके।
यह कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम- पाटीदार
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन पाटीदार ने कहा कि यह जिम्मेदारी मेरी नहीं, बल्कि नीमच जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा, सहनशीलता और निरंतर मेहनत का परिणाम है। मैं संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करूंगा और प्रदेश में भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करूँगा।
प्रदेश में बढ़ा कद, नई जिम्मेदारियों की ओर कदम-
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब पाटीदार सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा और शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में रहेंगे। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यह नियुक्ति उनके राजनीतिक भविष्य को नई दिशा देगी और प्रदेश राजनीति में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी।