देवरी खवासा। गांव के युवा मित्र मंडल ने धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक अनोखी परंपरा की शुरुआत की है। शनिवार को आयोजित सामूहिक सुंदरकांड पाठ का यह भव्य आयोजन पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
आयोजन गांव की विभिन्न गलियों और प्रमुख स्थलों पर क्रमवार रूप से किया जा रहा है, जहाँ सैकड़ों श्रद्धालु, युवा और वरिष्ठजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्मिलित हो रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम की प्रतिमा का पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके पश्चात ढोलक, झांझ और मंजीरों की मधुर ध्वनियों के बीच सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवा प्रतिभागियों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और ऊर्जा का संचार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि युवा मित्र मंडल की यह पहल धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का सशक्त उदाहरण बन रही है। इससे युवा पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और आपसी भाईचारे की भावना को नया बल मिल रहा है। यह सुंदरकांड आयोजन अब गांव की पहचान बन चुका है और हर बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें सहभागी बन रहे हैं।