देवरी खवासा। रविवार का दिन गांव के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा, जब देश की सीमाओं पर 24 वर्षों तक निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ सेवा देने वाले दो वीर सपूत मुकेश सोलंकी (सिग्नल कोर 24, भोपाल) और वकतराम सालवी (ईएमई कोर 24, नगरोटा, जम्मू) सेवानिवृत्ति के बाद अपने गृह ग्राम खजूरी लौटे। उनकी इस गौरवपूर्ण वापसी पर गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने अपार उत्साह के साथ जगह-जगह ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से दोनों वीर सपूतों का भव्य स्वागत किया।
गांव देवरी खवासा में युवा मित्र मंडल और वरिष्ठ जनों ने संयुक्त रूप से दोनों पूर्व सैनिकों का श्रीफल, माला और सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान “भारत माता की जय, वंदे मातरम्” और “भारतीय सेना अमर रहे” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
कार्यक्रम में रिटायर्ड आर्मी कर्मी दिलीप कारपेंटर, राजू सोनी, इमरान खान (लोडकिया) और कमलसिंह (रायसिंहपुरा) सहित अनेक समाजसेवी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि इन वीर सपूतों ने अपने जीवन के सुनहरे वर्ष राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर समाज और गांव का नाम गौरवान्वित किया है।
गांववासियों ने दोनों पूर्व सैनिकों को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं दीं। यह सम्मान समारोह देशभक्ति, गर्व और भावनाओं से ओत-प्रोत ऐसा यादगार अवसर बन गया, जिसे गांववासी लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।