नीमच। तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री बावड़ी वाले बालाजी खाटू श्याम मंदिर में देवउठनी एकादशी के अवसर पर भगवान श्री खाटू श्यामजी का तीन दिवसीय पाटोत्सव आरंभ हो गया है। मंदिर समिति द्वारा इस अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
वृंदावन की तर्ज पर सजी श्याम दरबार की फूल बंगला सजावट-
पाटोत्सव के पहले दिन शनिवार को मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों के बंगले से सजाया गया। मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर सजाने हेतु दिल्ली और कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए। ‘नीमच नरेश’ खाटू श्यामजी का मनमोहक श्रृंगार भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। देर रात तक श्रद्धालु बाबा के दर्शन को उमड़ते रहे।
महाआरती और भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब-
संध्या के समय ढोल-ढमाकों और जयकारों के बीच भव्य महाआरती की गई, जिसके पश्चात फलाहारी प्रसादी का वितरण हुआ। रात में आयोजित भजन कीर्तन संध्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ताली बजाकर बाबा श्याम को रिझाया।
आज होगी भव्य श्याम भजन संध्या-
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. गोपालकृष्ण शर्मा ने बताया कि पाटोत्सव के दूसरे दिन रविवार को बाबा की बारस की पावन ज्योत ली जाएगी। रात्रि 8 बजे से श्री श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन होगा, जिसमें प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक नवीन वैष्णव और संजय गोस्वामी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।