नीमच। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र में दहेजलोभियों की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज में सोने की कंठी हार की माँग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने एक विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतका के पिता गोपाल पिता केंशुराम निवासी जुना भदाना ने जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। उनके अनुसार, 30 अक्टूबर की रात बेटी ने फोन पर बताया था कि ससुराल वाले सोने की कंठी माँग रहे हैं और उसे बुरी तरह पीट रहे हैं। अगले दिन उसकी मौत की खबर मिली।
गोपाल ने बताया कि घटना की रिपोर्ट कुकड़ेश्वर थाने में दर्ज करवाई गई और पोस्टमार्टम भी हुआ, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकियाँ दे रहे हैं। पीड़ित पिता ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं आईपीसी की संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की माँग की है।