नीमच। रामपुरा तहसील के ग्राम भदाना से धोखाधड़ी और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। कैंसर पीड़ित सलीम बेगम पति स्व. अब्दुल गफुर ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर अपने सगे भाइयों पर पुश्तैनी कृषि भूमि और मकानों को फर्जी बटवारा दिखाकर बेचने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, संयुक्त कृषि भूमि सर्वे नंबर 613, 614, 717, 615, 7/8, 6/6 का कभी बटवारा नहीं हुआ, फिर भी उनके भाई अज़ीज अहमद और जमील अहमद ने पटवारी और अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेच दी।
सलीम बेगम ने बताया कि जब वे खेत पर पहुँचीं, तो राजा बंजारा नामक व्यक्ति ने उन्हें और उनकी बेटियों को धमकाते हुए कहा कि उसने जमीन खरीद ली है और विरोध करने पर जान से मार देगा।
महिला ने आरोप लगाया कि पूर्व शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी बेखौफ हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भाइयों ने सारी संपत्ति बेचकर बीमार माँ को अकेला छोड़ दिया है, जो वर्तमान में मल्हारगढ़ में रह रही हैं।
सलीम बेगम ने कलेक्टर से मांग की है कि फर्जी बटवारे और बिक्री को निरस्त कर, संपत्ति का विधिवत बंटवारा कराया जाए और धमकी देने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।