मंदसौर। मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र के चल्दू गांव के पास मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें कपास से भरा कंटेनर पलट गया। हादसे में कंटेनर चालक विष्पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

अनियंत्रित होकर पलटा कंटेनर-
जानकारी के अनुसार कंटेनर में कपास की बोरियां भरी हुई थीं। यह वाहन मंदसौर की ओर से नीमच होते हुए पंजाब जा रहा था। चल्दू के पास पहुंचते ही कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

सड़क पर बिखरी कपास, यातायात प्रभावित-
हादसे के बाद कंटेनर में भरी कपास की बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मल्हारगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर सड़क पर बिखरी कपास की बोरियों को हटाया, वहीं जेसीबी की मदद से पलटे हुए कंटेनर को सीधा किया गया।

जांच में जुटी पुलिस-
पुलिस ने घटना स्थल का पंचनामा तैयार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अचानक अनियंत्रित होना बताया गया है।
