नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस कंट्रोल रूम नीमच के सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें एसपी जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत कीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की कुल 41 शिकायतों (लेवल-1 की 36, लेवल-2 की 03 तथा लेवल-3 की 02) का संतोषपूर्वक निराकरण कर शिकायतें बंद कराई गईं। वहीं लगभग 65 आवेदकों ने जनसुनवाई में अपनी शिकायतें रखीं, जिनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
एसपी जायसवाल ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित प्रकरणों एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर बल दिया।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा) निकीता सिंह, सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।