मनासा। “राम राम बोल प्यारे राम राम बोल, हनुमान जी को पाना है तो राम राम बोल३” जैसे भक्तिमय भजनों की मधुर ध्वनि से मंगलवार शाम आनंद विहार कॉलोनी की शिव वाटिका गूंज उठी। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा संत चेतन राम जी की प्रेरणा से आयोजित 59वें विशाल सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में सैकड़ों श्रद्धालु एकत्र हुए और सामूहिक रूप से प्रभु हनुमान की आराधना की।
कार्यक्रम में विधायक माधव मारू ने विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने “ए दुख भंजन मारुति नंदन सुन लो मेरी पुकार” भजन गाकर भक्ति भाव में सभी को सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान समरथ खाटवा ने “श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में, देख लो मेरे दिल के नगीने में” जैसे भजन प्रस्तुत किए, वहीं राजकुमार मारू ने “ओम नमः शिवाय, अग्नि भभूत में है खजाना कुबेर का” जैसे भजनों से शिव महिमा का अद्भुत वर्णन किया। ओमप्रकाश सोनी ने “जिन पर कृपा राम करें वो पत्थर भी तैर जाते हैं” और सत्यनारायण सोनी ने “आसरो बाला जी थारो, पधारो म्हारे आंगने पधारो सालासर में सजो है दरबार” जैसे भजनों से भक्तिमय वातावरण बना दिया।
सनातन सत्संग मंडल के श्याम समदानी ने उपस्थित भक्तों से प्रतिदिन अपने आराध्य देव के दर्शन करने का आह्वान किया। सत्संग का प्रारंभ आनंद विहार कॉलोनीवासियों द्वारा हनुमान जी की तस्वीर पर पूजन-अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के अंत में “अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों में” भजन के साथ सत्संग का समापन हुआ। अंत में यह घोषणा की गई कि 60वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आगामी सप्ताह भेरूजी नीम चौक, सुदामापुरी धर्मशाला के पास आयोजित किया जाएगा।