नीमच। सनातन संस्कृति, संस्कार और धर्म के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से सनातन सत्संग मंडल द्वारा नगर में निरंतर आयोजित किए जा रहे सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का 59वां आयोजन आनंद विहार कॉलोनी में भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कंवरलाल पुरोहित, देवीलाल शर्मा, अमृतलाल मालवीय, विजय उपाध्याय, दिलीप भंडारी और सुभाष भंडारी द्वारा श्री हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय शाहपुरा के तेजस्वी संत श्री चेतनराम जी महाराज की प्रेरणा से चल रहे इस सत्संग में बड़ी संख्या में सनातन परिवारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारु ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए भजन “हे दुखभंजन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार” प्रस्तुत किया। विजय उपाध्याय ने श्री गणपति वंदना, राजकुमार मारु ने “हनुमान जी को पाना है तो राम राम बोल प्यारे”, सत्यनारायण सोनी ने “कैसा करिश्मा तूने हनुमान कर दिया”, और गोपाल राठौर ने “मारा सांवरिया जी सेठ थाने कहां हो गयो लेट” जैसे भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए।
इसके साथ ही समरथ खाटवा, अरुण झंवर और ओम सोनी ने भी अपने सुमधुर भजनों से भक्तों को भक्ति रस में डुबो दिया।
अंत में सनातन सत्संग मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया तथा घोषणा की गई कि अगला सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ 11 नवंबर, मंगलवार को रात 8 बजे श्री भेरूजी का नीम पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया गया।